CRIME

बक्सर में बड़ी वारदात टली: शिवपुरी में पुलिस की छापेमारी, पिस्टल, दो देसी कट्टा और 15 कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

बबली दूबे के साथी से मारपीट का बदला लेने की थी तैयारी, एसपी के निर्देश पर कार्रवाई; फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक संभावित आपराधिक वारदात को विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए। मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

 

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि शिवपुरी मोहल्ला निवासी वरुण मिश्रा अपने भाइयों के साथ मिलकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी मौजूद हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए शिवपुरी स्थित वरुण मिश्रा के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति मौके से भाग निकला, जिसकी पहचान वरुण मिश्रा के रूप में हुई। घर के अंदर शिवानंद मिश्रा उर्फ पहाड़ी मिश्रा तथा प्रिंस मिश्रा मौजूद मिले। तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा तथा 15 जिंदा कारतूस बरामद किए।

 

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार शिवानंद मिश्रा उर्फ पहाड़ी मिश्रा ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले बबली दूबे के एक साथी के साथ हुई मारपीट में प्रिंस मिश्रा की हड्डी टूट गई थी। उसी घटना का बदला लेने के उद्देश्य से हथियारों की व्यवस्था की गई थी और आपराधिक वारदात की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने बरामद हथियारों के साथ शिवानंद मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गुड्डी कुमारी, डीआईयू टीम तथा नगर थाना के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button