OTHERS

सरस्वती विद्या मंदिर अहिरौली में 37वीं प्रांतीय समूह खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, 17 जिलों के 500 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता में बच्चों को खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का संदेश, राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता बहनों ने किया विधिवत उद्घाटन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सरस्वती विद्या मंदिर, अहिरौली, बक्सर में रविवार, 22 नवंबर 2026 को दो दिवसीय 37वीं प्रांतीय समूह खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का उत्साह एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में दक्षिण बिहार के 17 जिलों के विभिन्न सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिरों से लगभग 500 भैया-बहन प्रतिभागी के रूप में शामिल हुए हैं। प्रतियोगिता के दौरान शिशु वर्ग के विद्यार्थियों के बीच कबड्डी एवं खो-खो के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमत पूजन एवं आरती के साथ हुआ। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमन कुमार सिंह ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया। विद्यालय परिवार की ओर से गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रत्येक वर्ष भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति के तत्वावधान में किया जाता है। इसमें कक्षा तृतीय से पंचम तक के विद्यार्थियों को शिशु वर्ग के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारती शिक्षा समिति, बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। खेल के माध्यम से बच्चों में सामाजिक समरसता, अनुशासन, सामूहिकता एवं सहयोग की भावना विकसित होती है। विद्यालय के अध्यक्ष एवं बक्सर सदर विधायक आनंद कुमार मिश्रा ने बच्चों को खेलकूद के महत्व से विस्तारपूर्वक अवगत कराया तथा खेल के माध्यम से जीवन में अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी। वहीं, बांका विभाग प्रमुख ब्रह्मदेव प्रसाद ने प्रतियोगिता की प्रस्तावना प्रस्तुत की।

राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता निधि कुमारी एवं साक्षी सिंह ने बच्चों को खेलकूद के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव हनुमान प्रसाद अग्रवाल, भोजपुर विभाग प्रमुख लालबाबू प्रसाद यादव, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह, नगर संघचालक ओम प्रकाश वर्मा, निर्णायक मंडल, राकेश कुमार पाण्डेय, शंभू कुमार, चंद्रशेखर जी, वीरेन्द्र जी, नगर के शिक्षाविद्, प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य एवं समस्त आचार्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, परिश्रम और आपसी सहयोग के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button