OTHERS

व्यवहार न्यायालय में 18 जुलाई को लगेगी विशेष लोक अदालत, चेक बाउंस सहित लंबित मामलों का होगा त्वरित निपटारा

पूर्व तैयारियों को लेकर न्यायिक पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न, ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी सुनवाई; अधिक से अधिक मामलों के आपसी समझौते से निस्तारण पर जोर

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA), नई दिल्ली के निर्देशों तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (BSLSA) के तत्वावधान में आगामी 18 जुलाई 2026 (शनिवार) को व्यवहार न्यायालय, बक्सर में आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बक्सर जिले में कार्यरत सभी न्यायिक पदाधिकारियों ने भाग लिया और विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

 

बैठक की अध्यक्षता के दौरान नेहा दयाल, अवर न्यायाधीश सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), बक्सर ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने न्यायालयों में लंबित मामलों के पक्षकारों के बीच आपसी सुलह एवं समझौते की संभावनाओं को बढ़ावा दें, ताकि विशेष लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में बताया गया कि इस बार विशेष लोक अदालत का मुख्य फोकस परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 (Negotiable Instruments Act, 1881) की धारा 138 के अंतर्गत आने वाले चेक बाउंस एवं वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामलों के शीघ्र निपटारे पर रहेगा। ऐसे मामलों में समझौते के आधार पर त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे।

 

समीक्षा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विशेष लोक अदालत में मामलों का निष्पादन वर्चुअल (ऑनलाइन) एवं फिजिकल (ऑफलाइन) दोनों माध्यमों से किया जाएगा। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले पक्षकारों को न्यायालय आने की कठिनाई से राहत मिलेगी और वे सुविधाजनक तरीके से अपने मामलों का निस्तारण करा सकेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर का लाभ उठाते हुए अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाधान कराएं। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा लंबे समय से लंबित विवादों का शीघ्र समाधान संभव हो सकेगा। विशेष लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी या किसी प्रकार की सहायता के लिए इच्छुक पक्षकार व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), बक्सर के कार्यालय में सचिव से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 06183-299925 तथा ईमेल dlsa.buxar2026@gmail.com के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button