बक्सर में मां-बेटी गिरफ्तार, घर में छिपाकर बेचती थीं हेरोइन जैसी नशीली पुड़िया और विदेशी शराब
नगर थाना पुलिस की कार्रवाई में 11.6 ग्राम मादक पदार्थ की 30 पुड़िया और एक लीटर विदेशी शराब बरामद, दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट और बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज

न्यूज़ विजन | बक्सर
बक्सर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला और उसकी बेटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर हेरोइन जैसी नशीली पदार्थ की पुड़िया और विदेशी शराब घर में छिपाकर बेचने का आरोप है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 30 पुड़िया में रखे कुल 11.6 ग्राम मादक पदार्थ और एक लीटर विदेशी शराब बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शांति नगर निवासी सोना देवी (45 वर्ष) और रानी राजभर (19 वर्ष) के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के शांति नगर में सोना देवी अपनी बेटी रानी के सहयोग से बाहर से हेरोइन और शराब लाकर घर में बालू के अंदर छिपाकर बेचने का काम कर रही हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संबंधित स्थान पर छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
30 पुड़िया मादक पदार्थ और विदेशी शराब जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 30 पुड़िया में रखा 11.6 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ तथा एक लीटर विदेशी शराब बरामद की। बरामदगी के बाद नगर थाना में कांड संख्या 559/26, दिनांक 25 अक्टूबर 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित मामले में NDPS एक्ट की धारा 8(a)(c)/21(c) तथा बिहार मद्य निषेध अधिनियम की धारा 30(a) के तहत कार्रवाई की है।
विशेष टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय, नगर थाना के थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक मुन्ना कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक अनिशा भारती तथा नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में मादक पदार्थ और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
न्यूज़ विजन बक्सर | सही खबर, सकारात्मक सोच, सशक्त समाज, जनता की आवाज।




