तेज रफ्तार ट्रक ने ली युवक की जान, साथी गंभीर
बक्सर-चौसा मुख्य पथ पर करैला गांव के समीप हादसा, परिजनों को स्टेशन छोड़ लौट रहा था युवक


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा-कोचस मुख्य पथ पर गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतक के गांव में मातम पसर गया। मृत युवक की पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र स्थित कंजर गांव निवासी उमेश चौधरी के पुत्र निरंजन चौधरी के रूप में की गई है। वहीं हादसे में घायल युवक की पहचान उसी गांव के सनी कुमार के रूप में हुई है, जिसका इलाज वाराणसी में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निरंजन चौधरी गुरुवार की शाम अपने परिजनों को ट्रेन पकड़वाने के लिए बक्सर रेलवे स्टेशन गया था। परिजनों को विदा करने के बाद वह अपने साथी सनी कुमार के साथ बाइक से वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान राजपुर थाना क्षेत्र के करैला डेरा गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि निरंजन चौधरी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे सनी कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल सनी कुमार को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है तथा फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के गांव कंजर तथा परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।





