बक्सर के सोनपा गांव के पास भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर में चार युवकों की मौत, तीन घायल
i20 कार और बाइक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत, हादसे में कार सवार तीन और बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत, घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपा गांव के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। कार और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की भयावहता इतनी अधिक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से चोटिल हुए।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र अंतर्गत भतउरा गांव के पांच युवक i20 कार में सवार होकर रामगढ़-मोहनिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोनपा गांव से तीन युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क पर निकल रहे थे। तभी दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बाइक सवार अरुण कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में उसका दाहिना पैर भी कट गया। वहीं बाइक पर सवार शिवम और शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी ओर, कार में सवार इरफान, अरबाज और बादल की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार सवार सम्राट कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में एक अन्य युवक की स्थिति और पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।




