OTHERS

ऑपरेशन मुस्कान के तहत बक्सर पुलिस ने 64 गुम व चोरी के मोबाइल बरामद कर लौटाए

अब तक 1605 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों तक पहुंचाए गए, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत बक्सर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम एवं चोरी हुए कुल 64 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया गया। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत मोबाइल गुम होने अथवा चोरी होने से संबंधित मामलों में तकनीकी जांच और विशेष कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 64 मोबाइल फोन बरामद किए और सत्यापन के बाद उन्हें उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने पुलिस प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की तत्परता से यह संभव हो सका।

 

एसपी शुभम आर्य ने बताया कि अब तक “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत कुल 1605 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है तथा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button