POLITICS

सीपीआई(एम) जिला कमेटी की बैठक संपन्न, फर्जी एनकाउंटर और पुलिसिया कार्रवाई पर उठाए सवाल

दलितों, वंचितों और आम लोगों की आवाज को मजबूत करने पर हुआ मंथन, बिलौटी कांड की निष्पक्ष जांच की मांग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमेटी की बैठक स्थानीय पार्टी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अरुण कुमार ओझा ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने तथा राज्य में बढ़ रही कथित पुलिसिया ज्यादतियों पर चिंता व्यक्त की गई।

 

बैठक को संबोधित करते हुए जिला सचिव परमहंस सिंह ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में कम्युनिस्ट पार्टी ही दलितों, वंचितों, मजदूरों, किसानों और आम लोगों की प्रभावी आवाज बन सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी को गांव-गांव तक मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को आंदोलन के माध्यम से उठाने की आवश्यकता है। बैठक में भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए कथित फर्जी एनकाउंटर के मामले पर भी चर्चा हुई। जिला कमेटी ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

 

नालंदा में छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई की जांच की मांग
बैठक में नालंदा जिले में डिग्री कॉलेज के स्थान परिवर्तन के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान छात्र संगठन एसएफआई के कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी मुद्दा उठाया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि आंदोलन कर रहे छात्रों और उनके परिवारों के साथ पुलिस द्वारा कठोर रवैया अपनाया गया है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो। जिला सचिव ने कहा कि बिहार में ऐसी परिस्थितियां पैदा की जा रही हैं जिससे दलित, वंचित और आम लोग अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन के माध्यम से उठाने से वंचित हो जाएं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए जनसंगठनों को एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

इटाढ़ी गुमटी खोलने की मांग
बैठक में स्थानीय जनसमस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिला कमेटी ने बक्सर प्रशासन से इटाढ़ी गुमटी को शीघ्र खोलने की मांग की। नेताओं ने कहा कि गुमटी बंद रहने के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे जल्द खोलकर आम जनता को राहत दी जानी चाहिए।

कई नेताओं ने रखे विचार
बैठक को रामाश्रय राय, मोतीलाल तथा युवा नेता धीरेंद्र चौधरी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन विस्तार, जनआंदोलनों को मजबूत करने तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक के अंत में संगठनात्मक मजबूती और जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button