CRIME

डुमरांव में बंद पड़े संतोषी सिनेमा हॉल पर पुलिस का बड़ा एक्शन, जुआ खेलते 16 लोग गिरफ्तार; ₹1.43 लाख नकद समेत मोबाइल व बाइक जब्त

गुप्त सूचना पर देर रात हुई छापेमारी, बंद सिनेमा परिसर में वर्षों से संचालित था अवैध जुआ का अड्डा; संचालक समेत कई लोगों से पूछताछ जारी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र में वर्षों से बंद पड़े संतोषी सिनेमा हॉल परिसर में संचालित अवैध जुआ के अड्डे पर पुलिस ने बुधवार की देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से ₹1,43,810 नकद, 15 मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल, ताश की कई गड्डियां तथा अन्य सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। डुमरांव थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

डुमरांव थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लंबे समय से बंद पड़े संतोषी सिनेमा हॉल परिसर में अवैध रूप से जुआ खेल का संचालन किया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से देर रात छापेमारी की गई। पुलिस टीम जैसे ही सिनेमा हॉल परिसर में पहुंची, वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर 16 लोगों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,43,810 नकद, 15 मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल और ताश की कई गड्डियां बरामद कीं। पुलिस के अनुसार बरामद ताश की गड्डियों का उपयोग जुआ खेलने में किया जा रहा था। सभी सामान को जब्त कर मामले के साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है।

 

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार मोनू चौरसिया (पिता- स्व. कृष्ण कुमार चौरसिया), निवासी जंगल बाजार, डुमरांव ने पुलिस को बताया कि बंद पड़े संतोषी सिनेमा हॉल परिसर का संचालन उसके जिम्मे था तथा इस अवैध गतिविधि के संचालन में मोहन शर्मा (पिता- स्व. बबुली शर्मा), निवासी लंगटू महादेव मंदिर, डुमरांव उसका सहयोग कर रहा था। थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार सभी लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बंद पड़े सिनेमा हॉल में यह अवैध जुआ का अड्डा कब से संचालित किया जा रहा था और इसके पीछे किन-किन लोगों की भूमिका रही है। तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भी पहचान की जाएगी। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद डुमरांव क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप का माहौल है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button