OTHERS

स्व. रामेश्वरनाथ की पुण्य स्मृति में बक्सर में महादान शिविर, 23 रक्तवीरों ने किया रक्तदान; बेटे ने मां को जन्मदिन पर दिया अनमोल उपहार

'ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड' के शिविर में रक्तदान के प्रति किया गया जागरूक, विशेषज्ञों ने बताए नियमित रक्तदान के स्वास्थ्य लाभ; 11 जुलाई को लगेगा अगला शिविर

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
स्वर्गीय रामेश्वरनाथ जी की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर सामाजिक संस्था ‘ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड, बक्सर’ द्वारा गुरुवार (09 जुलाई) को मध्य लोहन्दी भवन, आर.एन. पथ, नगर परिषद कार्यालय के पीछे भव्य महादान रक्तदान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

 

शिविर का उद्घाटन रेड क्रॉस के चेयरमैन सुरेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष सौरभ कुमार तिवारी, भारतीय स्टेट बैंक, मुंबई के डिप्टी जनरल मैनेजर एवं रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार मानसिंहका ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर भाजपा नेता सुमित मानसिंहका, ब्लड बक्सर के उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा तथा आदिल खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिविर में दो रक्त वीरांगनाओं नेहा केजरीवाल एवं निधि केजरीवाल सहित कुल 23 रक्तवीरों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदान करने वालों में प्रविव रंजन, नसीम नायक, सतीश कुमार पांडेय, प्रियेश, प्रभात कुमार, लाल बाबू पांडेय, प्रभा रंजन, रविशंकर, मंटू कुमार, संजय पटवा, विजय भूषण सिंह, प्रशांत राय, सूरज कुमार गुप्ता, नमन कुमार गुप्ता, प्रशांत कुमार गुप्ता, धर्मेंद्र राय, राहुल वर्मा, सक्षम केजरीवाल, विवेक कुशवाहा सहित अन्य रक्तदाता शामिल रहे। शिविर का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पल तब देखने को मिला जब सक्षम केजरीवाल ने अपनी माता एवं नियमित रक्तदाता नेहा केजरीवाल के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए पहली बार रक्तदान किया। संस्था ने इसे “नई सोच, नई परंपरा” का अनूठा उदाहरण बताते हुए युवाओं से शुभ अवसरों पर रक्तदान करने की अपील की।

 

इस अवसर पर प्रवीण कुमार मानसिंहका ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय रोग एवं कुछ प्रकार के कैंसर का खतरा कम हो सकता है तथा शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से पहले रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन सहित एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफिलिस जैसी आवश्यक जांचें निःशुल्क की जाती हैं, जिससे व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति की जानकारी भी मिलती है। ब्लड बक्सर के उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि संस्था का इस माह का यह पहला रक्तदान शिविर है, जबकि भारत सरकार के नेशनल ब्लड डोनेशन ड्राइव के समर्थन में दूसरा शिविर 11 जुलाई (शनिवार) को आयोजित किया जाएगा। इच्छुक युवक-युवतियां 8804433322 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

संस्था के संचालक प्रियेश ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था प्रत्येक माह रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करती है। उन्होंने बताया कि “शुभारंभ – नई सोच, नई परंपरा” अभियान के तहत जन्मदिन, वर्षगांठ एवं अन्य शुभ अवसरों पर रक्तदान को सामाजिक परंपरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर किया जा सके। शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को ब्लड बक्सर की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुमेघा कुमारी, अंकिता कुमारी, आदिल खान, निशा कुमारी, नसीम नायक, कुमार गौरव तथा ब्लड बैंक के संतोष कुमार, मुकेश कुमार सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button