बिहार विधान परिषद चुनाव 2026: आम आदमी पार्टी ने घोषित किए चार अधिकृत प्रत्याशी, बक्सर इकाई ने जताया पूर्ण समर्थन
प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जारी की सूची, युवाओं, स्नातकों और शिक्षकों के मुद्दों को सदन तक पहुंचाने का संकल्प

न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार विधान परिषद के आगामी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा की।
पार्टी नेतृत्व द्वारा घोषित प्रत्याशियों को लेकर आम आदमी पार्टी बक्सर जिला इकाई ने अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया है। जिला इकाई ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा घोषित सभी उम्मीदवारों के पक्ष में संगठन स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाएगी तथा पार्टी की नीतियों एवं शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा
आम आदमी पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार—
– पटना स्नातक क्षेत्र: डॉ. हिमांशु कुमार पटेल
– कोशी स्नातक क्षेत्र: अधिवक्ता डॉ. मैथ्यू एन. देव
– दरभंगा शिक्षक क्षेत्र: डॉ. शंभू नाथ ठाकुर
– तिरहुत स्नातक क्षेत्र: ऋषि कुमार अग्रवाल
पार्टी की ओर से इन सभी प्रत्याशियों को आगामी विधान परिषद निर्वाचन के लिए अधिकृत उम्मीदवार बताया गया है।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को सदन तक पहुंचाने का दावा
बक्सर जिला इकाई के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने घोषित प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्थन में संगठनात्मक स्तर पर काम करने का संकल्प व्यक्त किया। पार्टी नेताओं के अनुसार, चुनाव के दौरान युवाओं, स्नातकों और शिक्षकों की समस्याओं, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा रोजगार के अवसरों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। आम आदमी पार्टी का कहना है कि उसके संगठन का उद्देश्य शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों और युवाओं तथा स्नातकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाकर उन्हें विधान परिषद के सदन तक पहुंचाना है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा घोषित प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान के माध्यम से पार्टी के एजेंडे और नीतियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।बक्सर जिला इकाई ने सभी घोषित उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी चुनाव में उनके पक्ष में मजबूती से कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।





