थाने से 200 मीटर दूर बैंक ऑफ इंडिया एटीएम को गैस कटर काट चोरों ने साढ़े 10 लाख रुपये उड़ाए
सीसीटीवी पर स्प्रे कर बोलेरो से पहुंचे चार बदमाशों ने मिनटों में दिया वारदात को अंजाम, रोहतास की घटना से जुड़े हो सकते हैं तार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के यादव मोड़ स्थित चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सामने रविवार की अहले सुबह बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को निशाना बनाकर चोरों ने करीब साढ़े 10 लाख रुपये की बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पहले कैमरे बंद किए, फिर गैस कटर से काटा एटीएम
जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे बोलेरो वाहन से पहुंचे चार अपराधियों ने सबसे पहले एटीएम केंद्र के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर कैश बॉक्स में रखी नकदी निकाल ली और कुछ ही मिनटों में फरार हो गए।
अलार्म बजने पर पहुंची पुलिस, तब तक फरार हो चुके थे चोर
रात करीब 2:20 बजे बैंक का सुरक्षा अलार्म बजा, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। बैंक अधिकारी सिद्धार्थ कुमार ने मुफस्सिल थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को एटीएम में 17 लाख रुपये डाले गए थे। चोरी के बाद जांच में पता चला कि करीब साढ़े 10 लाख रुपये गायब हैं।
घटनास्थल से मिली चादर, एफएसएल करेगी जांच
पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से एक चादर बरामद की है, जिसे महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनसे पता चला है कि अपराधी बोलेरो वाहन से आए थे और उनकी संख्या चार थी।
रोहतास में भी एक घंटे बाद हुई समान वारदात
चौसा की घटना के करीब एक घंटे बाद रोहतास जिले के कोचस में भी एक्सिस बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर चोरी की गई। दोनों घटनाओं में गैस कटर और बोलेरो वाहन के इस्तेमाल की समानता को देखते हुए पुलिस एक ही गिरोह की संलिप्तता की आशंका जता रही है।
सात महीने में दूसरी बड़ी एटीएम चोरी
गौरतलब है कि चौसा में सात महीने के भीतर एटीएम चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 30 नवंबर 2025 को अखौरीपुर गोला स्थित एसबीआई एटीएम को गैस कटर से काटकर करीब 30 लाख रुपये की चोरी की गई थी। उस मामले में अब तक पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। ऐसे में एक बार फिर उसी अंदाज में हुई वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या बोले पुलिस अधिकारी
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मामले के हर पहलू पर गंभीरता से जांच चल रही है। थाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसे संवेदनशील स्थान के बिल्कुल सामने हुई इस बड़ी चोरी ने जिले की रात्रि गश्ती, बैंक सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार दूसरी बार गैस कटर से एटीएम काटकर लाखों रुपये की चोरी होने से स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।





