हथियारों की खरीद-बिक्री का भंडाफोड़, देसी पिस्टल और गोली के साथ युवक समेत तीन नाबालिग धराए
गुप्त सूचना पर औद्योगिक थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चुरामनपुर के पास फोरलेन किनारे पेड़ के नीचे जुटे थे सभी आरोपी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की साजिश का पर्दाफाश करते हुए एक युवक और तीन नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, औद्योगिक थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चुरामनपुर के पास आरा-बक्सर फोरलेन से कुछ दूरी उत्तर दिशा में स्थित एक पेड़ के नीचे कुछ लोग अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष मधुबाला भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा गोली के साथ चार लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अहिरौली निवासी अजीत यादव के अलावा तीन नाबालिग लड़के शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि अजीत यादव ने ही नाबालिगों को बेचने के उद्देश्य से पिस्टल उपलब्ध कराया था।
प्रभारी थानाध्यक्ष मधुबाला भारती ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद हथियार को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। कोर्ट के निर्देशानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद देसी पिस्टल कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।





