पेपर लीक के विरोध में AISA-RYA का उग्र प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका
सम्राट अशोक चौक पर हुई विरोध सभा, बेरोजगारी, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ छात्रों-युवाओं ने बुलंद की आवाज, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में शनिवार को आइसा (AISA) एवं आरवाईए (RYA) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता जेल रोड से मार्च निकालते हुए सम्राट अशोक चौक पहुंचे, जहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया गया और इस्तीफे की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान आयोजित विरोध सभा को संबोधित करते हुए आइसा जिला सचिव अखिलेश ठाकुर, नगर सचिव ओम प्रकाश तथा ऐपवा जिला सचिव संध्या पाल ने केंद्र सरकार पर छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी, लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली से छात्र-युवा गहरे संकट में हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य लगातार असुरक्षित होता जा रहा है, जिससे कई युवा मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है और दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि आइसा और आरवाईए के राष्ट्रीय आह्वान पर 6 और 7 जून को पूरे देश में शिक्षा मंत्री के पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। छात्रों और युवाओं के भविष्य की रक्षा तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में आइसा जिला सचिव अखिलेश ठाकुर, नगर सचिव ओम प्रकाश, जिला अध्यक्ष अनूप शर्मा, ऐपवा जिला सचिव संध्या पाल, माले नेता प्रमोद कुमार सिंह, छात्र नेता अर्जुन मौर्या, अंशु मौर्या, सुजीत, राकेश कुशवाहा, अनुज कुशवाहा, मोहित मौर्या, दीपू, रमेश कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-युवा और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।





