OTHERS

दुर्गापूजा पर लगातार दसवें वर्ष निःशुल्क चिकित्सा शिविर, श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे चिकित्सक

साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय की संयुक्त पहल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
दुर्गापूजा के अवसर पर साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय के संयुक्त तत्वावधान में चीनी मिल क्षेत्र में लगातार दसवें वर्ष निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सेवा की इस पहल के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

अस्पताल के निदेशक एवं मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के बिहार प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि शिविर में दुर्घटना में लगी चोट, घाव, पुरानी चोट से संबंधित परेशानी, दर्द और बुखार जैसी समस्याओं के लिए आवश्यक दवाओं एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था है। चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मौजूद हैं। डॉ. आलम ने कहा, “मानव सेवा हमारी प्राथमिकता है। पिछले नौ वर्षों की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य कर रही है। सभी सहयोगियों के प्रयास से शिविर का सफल संचालन हो रहा है। हमें विश्वास है कि यह ऐतिहासिक शिविर हजारों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होगा।”

 

इस अवसर पर डॉ. खालिद, बीडीएस, डेंटल सर्जन ने पूजा पंडाल एवं आयोजन व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा, “चीनी मिल का पंडाल वास्तव में बेहद शानदार बना है। यहां हर वर्ष अच्छी व्यवस्था की जाती है और इस वर्ष भी आयोजकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बहुत अच्छे प्रबंध किए हैं।” डॉ. उद्वल ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, पूजा समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि अस्पताल में चौबीस घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा, “शिविर में आने वाले किसी श्रद्धालु की स्थिति गंभीर होने पर यदि उन्हें अस्पताल भेजा जाता है, तो हमारी टीम उनके उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता के लिए तत्पर रहेगी।” मौके पर प्रगतिशील शक्तिपीठ के रोहित चतुर्वेदी सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे। अभिमन्यु, डॉ. खालिद, डॉ. उद्वल, डॉ. मनीष कुमार एवं अन्य चिकित्सकों के साथ साबित खिदमत अस्पताल तथा मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय से जुड़े राहुल, अरुण कुमार पांडेय, अरुण कुमार सिंह, नासिर, नसीम, सुनील एवं अन्य सदस्यों ने भी आयोजन में सहयोग दिया। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से आवश्यकता पड़ने पर शिविर में उपलब्ध निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button