जमीन विवाद में पुलिसकर्मी भाई पर गंभीर आरोप, मारपीट व फायरिंग के बाद भतीजे से भी मारपीट; पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा
न्यायालय से बंटवारे के बाद जमीन पर कब्जे और जबरन रजिस्ट्री कराने का आरोप, शशिकांत व रविकांत सिंह बोले—पुलिस के वर्दी का भय दिखाकर परिवार को किया जा रहा प्रताड़ित

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नाथपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद अब मारपीट, फायरिंग, धमकी और कथित दबाव तक पहुंचने का मामला सामने आया है। मामले में नाथपुर गांव निवासी शशिकांत सिंह एवं रविकांत सिंह ने अपने ही भाई, जो बक्सर जिला पुलिस विभाग में कार्यरत बताए जा रहे हैं, पर जमीन पर जबरन कब्जा करने, रजिस्ट्री कराने के लिए दबाव बनाने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह विवाद उनके दादा स्वर्गीय केशव प्रसाद सिंह की संपत्ति से जुड़ा हुआ है। उनके अनुसार दादा के कुल छह पुत्र-पुत्रियां थीं और उनके कार्यकाल में ही संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। इस मामले को लेकर व्यवहार न्यायालय, बक्सर में मुकदमा भी चला था। शशिकांत सिंह एवं रविकांत सिंह के मुताबिक, न्यायालय द्वारा परिवार के छह भाई-बहनों के बीच बराबर हिस्सा निर्धारित किया गया, जिसे परिवार के सभी सदस्यों ने स्वीकार किया। पीड़ितों के अनुसार, इसके बाद उनकी बुआ ने उचित राशि लेकर जमीन के संबंध में बख्शीशनामा कर दिया। उक्त जमीन का दाखिल-खारिज कराने के बाद वे लोग लगातार राजस्व रसीद भी कटाते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि इसके बावजूद उनके भाई विश्राम सिंह, जो पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, उक्त जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और जमीन को जबरन कब्ज़ा करने और रजिस्ट्री कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
पुलिस विभाग में होने का भय दिखाने का आरोप
शशिकांत सिंह एवं रविकांत सिंह का आरोप है कि वे लोग गांव से बाहर रहकर ड्राइवर की नौकरी करते हैं और कानून का सम्मान करते हैं। इसके बावजूद उनके भाई द्वारा पुलिस विभाग में कार्यरत होने का भय दिखाकर लगातार गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी जाती है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।
3 अक्टूबर को मारपीट और फायरिंग का आरोप
पीड़ितों के अनुसार, 3 अक्टूबर को जियूतिया पर्व के दिन विवाद के दौरान मारपीट की घटना हुई और इस दौरान फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। घटना के बाद 112 की टीम एवं इटाढ़ी थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों से जुड़े लोगों को अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया। इसके बाद शशिकांत सिंह एवं उनके पक्ष द्वारा इटाढ़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पीड़ितों का कहना है कि इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी इटाढ़ी थाना में काउंटर केस दर्ज कराया गया है। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच विवाद और तनाव बना हुआ है।
भतीजे के साथ भी मारपीट का आरोप
शशिकांत सिंह एवं रविकांत सिंह का आरोप है कि विवाद यहीं नहीं रुका। रविवार को नाथपुर गांव में उनके भतीजे रितेश कुमार, जो गांव में एक छोटी दुकान चलाते हैं, के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष के अनुसार, मारपीट में उनके भतीजे को गंभीर चोटें आई और हमलोगो के माँ राजमुनि देवी का सर फट गया हैं। जिसके पश्चात पुनः इटाढ़ी थाना पर आवेदन दिए है। लेकिन विश्राम सिंह पुलिस विभाग में होने की वजह से हर मामले को दबवा दे रहे है। घटना के बाद परिवार के लोगों में भय का माहौल है। शशिकांत सिंह एवं रविकांत सिंह ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परिवार के सदस्यों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
“बड़ी घटना हुई तो प्रशासन जिम्मेदार होगा”
शशिकांत सिंह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हुए हैं और उनके अनुसार पूर्व में जेल जाने की कार्रवाई भी हो चुकी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पुराने मामलों सहित वर्तमान विवाद की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।उन्होंने कहा कि उनका परिवार न्यायालय के आदेश का सम्मान करता है और न्यायिक प्रक्रिया में विश्वास रखता है। उनका आरोप है कि पुलिस विभाग में कार्यरत होने का भय दिखाकर पूरे परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और उनके परिवार के साथ कोई बड़ी घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की होगी। वहीं, इस पूरे मामले में दूसरे पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों और उनका पक्ष भी सामने आना बाकी है। चूंकि मामला दोनों पक्षों की प्राथमिकी और जमीन के अधिकार से जुड़ा है, इसलिए वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस सम्बन्ध में इटाढ़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया की रविवार को रितेश कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है जिसमे मुख्य आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। शेष आरोपियों के विरूद्ध जांचोपरांत आगे कार्यवाई की जाएगी।




