नया भोजपुर में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर, दंपती समेत तीन घायल
सड़क हादसे में फिर मददगार बने समाजसेवी कृष्ण श्याम शर्मा, टीम के साथ कुछ ही मिनटों में पहुंचे घटनास्थल; घायलों को अस्पताल पहुंचाकर बचाव कार्य में निभाई अहम भूमिका

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 922 पर चंदा पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की देर रात करीब 11 बजे दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पुराना भोजपुर निवासी धनजी साह, उनकी पत्नी समेत दूसरी बाइक पर सवार एक युवक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना की जानकारी देते हुए समाजसेवी कृष्णा शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वे अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए मेथोडिस्ट अस्पताल, प्रतापसागर पहुंचाया। अस्पताल में तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया। हालांकि, पुराना भोजपुर निवासी धनजी साह की स्थिति गंभीर बताई गई। उनके कान और मुंह से रक्तस्राव हो रहा था, जिसके बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया। वहीं, हादसे में घायल एक महिला और एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घर भेज दिया।
मेले से बक्सर जाने के दौरान हुआ हादसा
बताया गया कि धनजी साह अपनी पत्नी के साथ पुराना भोजपुर से मेला घूमने के लिए बक्सर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चंदा पेट्रोल पंप के पास पेट्रोल लेने के लिए बाइक से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में जाने के दौरान बक्सर की तरफ से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। समाजसेवी कृष्णा शर्मा के अनुसार, घायलों को अस्पताल ले जाते समय उन्होंने नया भोजपुर थाना पुलिस को भी घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच एवं आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
हादसे के महज कुछ मिनट में पहुंची राहत टीम
कृष्णा शर्मा ने बताया कि सोमवार की शाम से ही बक्सर-डुमरांव मार्ग सहित आसपास के इलाकों में मेले और दुर्गा पूजा को लेकर काफी भीड़ थी। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए वे और उनकी टीम शाम करीब 8 बजे से रात 1 बजे तक लगातार सड़क पर लोगों से सावधानीपूर्वक और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी टीम बक्सर गोलंबर से लेकर ढकाइच तक सड़क पर लगातार निगरानी कर रही थी, ताकि भीड़भाड़ के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। इसी दौरान टीम टोल प्लाजा की ओर से लौट रही थी, तभी चंदा पेट्रोल पंप के समीप यह हादसा हो गया। घटना के करीब दो-तीन मिनट के अंदर ही राहत टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
त्योहार के दौरान सड़क पर सावधानी बरतने की अपील
घटना के बाद एक बार फिर त्योहार और मेले के दौरान सड़क पर बढ़ने वाली भीड़ तथा वाहनों की आवाजाही को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन धीमी गति से चलाएं, गलत दिशा से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।




