OTHERS

प्लेटफॉर्म की कम ऊंचाई बनी यात्रियों के लिए परेशानी, कांग्रेस नेता ने रेल प्रशासन से की अविलंब सुधार की मांग

बक्सर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से तीन तक ऊंचाई कम होने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में होती है परेशानी, पर्व-त्योहार के दौरान हादसे की आशंका बढ़ने का जताया खतरा

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से लेकर तीन तक की ऊंचाई कम होने को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच अधिक अंतर होने के कारण रोजाना महिला, बच्चे और बुजुर्ग यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सोमवार को स्टेशन पर एक महिला रेल यात्री के साथ हुई दुर्घटना के बाद इस समस्या को लेकर आवाज और तेज हो गई है।

 

बिहार कांग्रेस के प्रदेश नेता सह मीडिया पैनलिस्ट डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय ने घटना पर चिंता जताते हुए पूर्व मध्य रेलवे के अधीन दानापुर रेल प्रशासन से बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई अविलंब बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बक्सर स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव कम समय के लिए होता है, जबकि यात्रियों की संख्या काफी अधिक रहती है। ऐसे में ट्रेन के आने और खुलने के समय यात्रियों के बीच आपाधापी की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय ने कहा कि प्लेटफॉर्म की कम ऊंचाई के कारण विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को ट्रेन में सवार होने और उतरने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। यात्रियों को सामान चढ़ाने और उतारने में भी परेशानी होती है। ऐसे में प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाना यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि रेलवे के सक्षम पदाधिकारियों के साथ-साथ बक्सर रेलवे स्टेशन प्रबंधक को भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अविलंब अपने उच्च अधिकारियों को मांग पत्र भेजना चाहिए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

 

एक्स के माध्यम से भी अधिकारियों का ध्यान कराया था आकृष्ट
कांग्रेस नेता ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से भी पूर्व में रेलवे के उच्चाधिकारियों को टैग कर बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म की कम ऊंचाई की समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया था। उस समय उन्हें समस्या के समाधान का आश्वासन भी मिला था, लेकिन अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के समय बक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। बक्सर मेला क्षेत्र होने के कारण विभिन्न पर्वों के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में प्लेटफॉर्म की कम ऊंचाई के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय ने कहा कि सोमवार को महिला रेल यात्री के साथ हुई दुर्घटना ने इस समस्या की गंभीरता को सामने ला दिया है। रेलवे प्रशासन को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किए बिना यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने की दिशा में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने रेल प्रशासन से मांग की कि बक्सर स्टेशन के प्लेटफॉर्म की स्थिति का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए और आवश्यक मानकों के अनुरूप प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाकर यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button