CRIME

खलासी मोहल्ला बक्सर में अवैध बूचड़खाने पर बड़ी कार्रवाई, करीब दो दर्जन गोवंश बरामद

पशु क्रूरता निरीक्षक और नगर थानाध्यक्ष की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी; एक संदिग्ध हिरासत में, अन्य की तलाश जारी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
नगर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ले में अवैध बूचड़खाना संचालित किए जाने की शिकायत पर प्रशासन और पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार एवं नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ की गई छापेमारी के दौरान मौके से करीब दो दर्जन गोवंश बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की पहचान और तलाश की जा रही है।

 

लगातार मिल रही थी अवैध गतिविधि की शिकायत

पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार के अनुसार, खलासी मोहल्ले में कथित तौर पर अवैध बूचड़खाना संचालित किए जाने और गोवंश की कटाई किए जाने की शिकायत लगातार थाना को मिल रही थी। नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह से सूचना मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित की गई और पुलिस बल के साथ मौके पर छापेमारी की गई।

 

मौके से बरामद हुआ लकड़ी का बोटा

छापेमारी के दौरान टीम को मौके पर बड़ी संख्या में गोवंश मिले। इसके अलावा काटने में इस्तेमाल किए जाने वाले लकड़ी के बोटे समेत कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए जाने की बात सामने आई है। निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि गोवंश को जिस तरीके से मौके पर रखा गया था और वहां से मिले सामान के आधार पर प्रथम दृष्टया यहां अवैध गतिविधि संचालित होने की आशंका सामने आई है।उन्होंने कहा कि गोवंश की अवैध कटाई पूरी तरह कानून के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की तैयारी

कार्रवाई के बाद बरामद किए गए गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, पुलिस अब इस पूरे मामले में यह पता लगाने में जुटी है कि कथित अवैध गतिविधि का संचालन कौन लोग कर रहे थे और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार ने स्पष्ट किया कि गोवंश की अवैध कटाई अथवा पशुओं के साथ क्रूरता से जुड़े मामलों में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन और पुलिस ने संकेत दिया है कि इस तरह की शिकायतों पर आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button