पाथवेज वर्ल्ड स्कूल में लगा स्वास्थ्य शिविर : 224 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, मुफ्त मिली दवाएं
डुमरांव के पूर्वी गुमटी स्थित विद्यालय में बक्सर चाइल्ड हॉस्पिटल की टीम ने किया बच्चों का स्वास्थ्य निरीक्षण, डॉक्टरों ने नियमित जांच को बताया जरूरी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
पाथवेज वर्ल्ड स्कूल, पूर्वी गुमटी, महाराजा मैरिज गार्डन के पास डुमरांव में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में किड्स से लेकर कक्षा 2 तक के छोटे-नन्हे मुन्ने बच्चों सहित अन्य बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 224 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जांच के दौरान पाई गई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के अनुसार उन्हें आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन डॉ. नंद किशोर सिंह एवं उनकी टीम, बक्सर चाइल्ड हॉस्पिटल के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. नंद किशोर सिंह एवं इंजीनियर आर. राघवन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से डॉ. नंद किशोर सिंह एवं उनकी पूरी टीम को शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रेशम केशरी ने स्वास्थ्य शिविर में शामिल टीम के सदस्यों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने पौधों के माध्यम से ‘ग्रीन डुमरांव’ की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
शिविर को संबोधित करते हुए डॉ. नंद किशोर सिंह ने कहा कि बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके मानसिक विकास पर भी ध्यान देना बेहद जरूरी है। इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करने में मददगार साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहना चाहिए, ताकि किसी भी बीमारी या शारीरिक परेशानी का शुरुआती स्तर पर ही पता लगाया जा सके। वहीं इंजीनियर आर. राघवन ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है। बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर आयोजित इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने शिविर के आयोजन के लिए बक्सर चाइल्ड हॉस्पिटल की टीम एवं विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।
शिविर के दौरान चिकित्सकीय टीम ने बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जांच की। टीम के सदस्यों ने अभिभावकों और विद्यालय परिवार को सलाह दी कि बच्चों के स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच कराना आवश्यक है। चिकित्सकों ने बताया कि छोटे बच्चे कई बार अपनी शारीरिक परेशानी को ठीक से समझ या व्यक्त नहीं कर पाते हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच के माध्यम से आंखों, शारीरिक विकास अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सकती है। स्वास्थ्य शिविर में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिवार मौजूद रहा और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से चिकित्सकीय टीम, अतिथियों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ स्वास्थ्य शिविर का समापन किया गया।





