सामाजिक न्याय अधिकार पदयात्रा में गूंजे आरक्षण और सवर्ण आयोग के मुद्दे
ज्योति चौक से डीएम कार्यालय तक निकली पदयात्रा, एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग पर रोक, आर्थिक आधार पर आरक्षण और भगवान परशुराम जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश की उठी मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
राष्ट्रीय परशुराम परिषद, बक्सर के तत्वावधान में बुधवार को विभिन्न सामाजिक मांगों को लेकर विशाल सामाजिक न्याय अधिकार पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा की शुरुआत बक्सर के ज्योति चौक से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला पदाधिकारी कार्यालय पहुंची। इस दौरान सवर्ण एवं ओबीसी समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
पदयात्रा के माध्यम से परिषद की ओर से सामाजिक एवं आरक्षण व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए। प्रदर्शनकारियों ने एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रभावी प्रावधान सुनिश्चित करने, जातिगत आरक्षण व्यवस्था में बदलाव करते हुए आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने, भगवान परशुराम जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने तथा राष्ट्रीय सवर्ण आयोग के गठन की मांग रखी।
प्रधानमंत्री के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
पदयात्रा के जिला पदाधिकारी कार्यालय पहुंचने के बाद राष्ट्रीय परशुराम परिषद की ओर से प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला पदाधिकारी, बक्सर के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में परिषद ने अपनी विभिन्न मांगों को विस्तारपूर्वक रखते हुए केंद्र सरकार से इन विषयों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय परशुराम परिषद, बक्सर के जिला अध्यक्ष दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही ने कहा कि यह पदयात्रा सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों से जुड़े मुद्दों तथा जनभावनाओं को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार कराना तथा संवैधानिक दायरे में उनके समाधान की दिशा में प्रयास करना है।
कई पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में राष्ट्रीय परशुराम परिषद के प्रदेश महामंत्री नंदकुमार तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता मल्लिकार्जुन राय, जिला महामंत्री राहुल राय, अभिषेक मिश्रा, हरे राम पांडे, दीपांशु राय, दीपक पांडे, अमरनाथ पंडित उर्फ लाला बाबा, पंकज उपाध्याय, रिया पाठक, सिद्धार्थ पांडे, अंगद चौबे, राशन उपाध्याय, बृजेश यादव, अंकित त्यागी, शिवम पांडे, राजीव पाठक, दिव्यांशु प्रधान, डॉ. विशेष दुबे, जयप्रकाश पांडे, पवन उपाध्याय, पृथ्वीनाथ ओझा, दुर्गावती देवी और राघव पांडे सहित परिषद के पदाधिकारी एवं अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी सत्यदेव पांडे ने भी प्रमुख भूमिका निभाई। परिषद की ओर से पदयात्रा में शामिल सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, बुद्धिजीवियों एवं समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। परिषद ने कहा कि सामाजिक विषयों पर जागरूकता बढ़ाने, संगठनात्मक एकजुटता मजबूत करने और लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।





