CRIME

घर के पास घेरकर मारपीट और छिनतई का आरोप, ढाई लाख की सोने की चेन व 22 हजार रुपये ले जाने का दावा

बक्सर नगर थाना में दिए आवेदन में बंटी राय ने लगाया आरोप, हथियार के बल पर रुपये और चेन छीनने तथा परिजनों के साथ दुर्व्यवहार की कही बात; पुलिस से कार्रवाई की मांग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के कोइरपुरवा मोहल्ला स्थित दूधपोखरी कब्रिस्तान, वार्ड संख्या 18 में शनिवार की देर रात घर के समीप मारपीट और छिनतई का मामला सामने आया है। इस संबंध में विमल कुमार उर्फ़ बंटी राय, पिता स्वर्गीय सुजीत कुमार पांडेय, की ओर से नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है। नगर थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, बंटी राय ने कुछ युवकों पर हथियार के बल पर घेरकर मारपीट करने, रुपये और सोने की चेन छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

 

आवेदन में बंटी राय ने बताया है कि शनिवार की रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान मेरे घर के पास बिरजू राम और संजीत चौधरी उर्फ लल्लन कुछ युवकों के साथ बैठे हुए थे। बंटी राय के अनुसार, जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचे, सभी लोग वहां से आए और उन्हें घेर लिया। आरोप है कि उस समय सभी लोग शराब के नशे में थे और उनसे पैसे की मांग की गई। पैसा देने से इनकार करने पर कथित तौर पर हथियार के बल पर उनके साथ मारपीट की गई और जबरन रुपये छीन लिए गए। नगर थाना में दिए गए आवेदन के मुताबिक, मारपीट के दौरान बंटी राय नीचे गिर गए, जिससे उन्हें चोट भी लगी। इसी दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन टूटकर गिर गई, जिसे आरोपित लोग लेकर वहां से भाग गए। आवेदन में चेन की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा जेब में रखे करीब 22 हजार रुपये नकद भी निकाल लेने का आरोप लगाया गया है।

 

बंटी राय ने आवेदन में आगे बताया है कि उनके शोर मचाने पर परिवार के लोग घर से बाहर आए। आरोप है कि इस दौरान उनकी माता को भी धक्का देकर गिरा दिया गया तथा गाली-गलौज करते हुए सभी लोग वहां से चले गए। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोगों के आपराधिक प्रवृत्ति के होने की जानकारी है तथा पूर्व में भी छिनतई और शराब बिक्री के मामलों में जेल जाने की बात कही गई है। बंटी राय के अनुसार, आरोपितों ने पुलिस में शिकायत करने पर एस सी एसटी के झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी है। फिलहाल पीड़ित पक्ष ने नगर थाना में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button