पीएम मोदी के जन्मदिन पर AISA-RYA का अनोखा विरोध, गोबर का केक काटकर मनाया ‘राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस’
ज्योति चौक पर छात्रों-नौजवानों ने किया प्रदर्शन, पुतला दहन कर सरकार की नीतियों के खिलाफ जताया आक्रोश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) एवं RYA की बक्सर जिला इकाई ने ज्योति चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने इस दिन को ‘राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस’ के रूप में मनाते हुए सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के प्रतीकात्मक विरोध में गोबर का केक काटकर प्रदर्शन किया। इसके बाद चप्पल और बोतलों की माला पहनाकर विरोध जताया गया तथा प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कार्यक्रम में AISA के बक्सर जिला सचिव अखिलेश ठाकुर, मिथुन कुमार, अंशु कुशवाहा, नगर सचिव ओम प्रकाश, संध्या पाल, संजय सिंह, RYA नेता कृष्ण यादव, परवेज, वकार, सुनील यादव, रंजीत यादव, सोनू, गोल्डन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और नौजवान मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश ठाकुर ने किया।
इस दौरान AISA और RYA कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं और देशभर में छात्र एवं युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं। संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि ऐसी परिस्थितियों के बीच सरकार द्वारा नागरिकों को दीया जलाने जैसे कार्यक्रमों में शामिल होने का आह्वान किया जा रहा है, जो उनके अनुसार जनता की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास है। कार्यकर्ताओं ने सम्राट चौधरी द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को दीया जलाने के आदेश की भी आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि बिहार में बाढ़ से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं, जबकि आयोजन में हजारों लीटर तेल खर्च किया जा रहा है। संगठन ने इसे जनता की समस्याओं के प्रति सरकार की असंवेदनशीलता बताया।
AISA-RYA नेताओं ने बेरोजगारी, बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
वीडियो देखें :





