श्रद्धा आश्रम इंग्लिश स्कूल में धूमधाम से मनी भगवान विश्वकर्मा की पूजा
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई पूजा-अर्चना, संस्थान की प्रगति और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मांगी गई मंगलकामना


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जमौली स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान श्रद्धा आश्रम इंग्लिश स्कूल के प्रांगण में गुरुवार को देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना पूरे हर्षोल्लास, श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ की गई। विश्वकर्मा पूजा को लेकर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही पूजा को लेकर विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और बच्चों में उत्साह का माहौल बना रहा।
पूजा समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा भव्य आरती संपन्न हुई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। पूजा अनुष्ठान में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने भी सामूहिक रूप से हिस्सा लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा से समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि, विद्यालय की निरंतर प्रगति तथा छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विश्वकर्मा पूजा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को भी रेखांकित किया गया।
आयोजन में रवि रंजन चौबे, जयप्रकाश चौबे, प्रियांशु कुमार, राजेश कुमार, सोनू पांडे, पूजा चौबे, निशा कुमारी, खुशबू कुमारी, आकांक्षा कुमारी और डब्लू कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पूजा-अर्चना में शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा अनुष्ठान के समापन के बाद विद्यालय परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और बच्चों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के बाद लोगों ने आयोजन की सराहना की। विद्यालय प्रबंधन ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा को सफल एवं पवित्र तरीके से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों, स्थानीय नागरिकों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।





