OTHERS

मयूर विहार कॉलोनी मुसाफिर गंज में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, अधूरी गली-नाली ने बढ़ाई मोहल्लेवासियों की मुश्किलें

छह महीने से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य, बारिश के बाद कीचड़ और जलजमाव से घरों से निकलना भी हुआ मुश्किल; नगर परिषद से जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग

न्यूज़ विज़न। बक्सर 
बक्सर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 और 14 स्थित मयूर विहार कॉलोनी (बाजार समिति रोड) के निवासी पिछले करीब छह महीनों से सड़क और नाली की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में गली एवं नाली निर्माण का कार्य शुरू तो किया गया, लेकिन इसे आधा-अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण अब लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय नगर परिषद की अनदेखी और ठेकेदार की लापरवाही को लेकर भी मोहल्लेवासियों में नाराजगी है।

 

16 सितंबर को हुई जोरदार बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। अधूरे निर्माण कार्य, खुली नालियों और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कॉलोनी में जगह-जगह पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है। ऐसे में लोगों के लिए अपने घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है, जबकि पैदल चलने वालों को फिसलन और गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

 

मोहल्लेवासियों के अनुसार, बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण गंदगी और दुर्गंध की स्थिति भी बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों को संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों की आशंका सता रही है। मोहल्ले के निवासी पुरुषोत्तम ठाकुर, गौतम राय, पंकज सिंह, कामेश्वर गुप्ता, भागवत पांडे, दिनेश गुप्ता, राकेश गुप्ता, रंजन गुप्ता, शशि कुमार समेत अन्य लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मामले में तत्काल पहल करने की मांग की है।

स्थानीय निवासियों ने कहा कि यह समस्या किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे मोहल्ले की है। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से अधूरे पड़े गली-नाली निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने तथा जलनिकासी की तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को लंबे समय से बनी इस परेशानी से राहत मिल सके।

वीडियो देखें :

https://www.facebook.com/share/r/19Q24wt6LG/

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button