CRIME

गौरीशंकर मंदिर में पूजा के दौरान महिला के गले से सोने की चेन गायब

भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिला पर चेन खींचने का आरोप, नगर थाने में आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के गौरीशंकर मंदिर में सोमवार की देर शाम पूजा करने पहुंची एक महिला के गले से सोने की चेन गायब होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर बारी टोला निवासी अनीषा सोनी ने नगर थाने में आवेदन देकर पुलिस से जांच कर चेन गायब करने वाली महिला का पता लगाने और कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

 

नगर थाने में दिए आवेदन के अनुसार, अनीषा सोनी सोमवार की देर शाम पूजा करने के लिए गौरीशंकर मंदिर गई थीं। इस दौरान उन्होंने अपने गले में करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन पहन रखी थी। अनीषा के मुताबिक, यह चेन लक्ष्मी पति का डिजाइन था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। उन्होंने आवेदन में बताया है कि शाम करीब सात बजे मंदिर में पूजा के दौरान काफी भीड़ थी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात महिला ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली। पूजा समाप्त होने के बाद जब उन्हें चेन गायब होने का पता चला तो उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास अपने स्तर से काफी खोजबीन की। साथ ही वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन चेन का कोई सुराग नहीं मिल सका।

 

अनीषा सोनी ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि मंदिर में पूजा अथवा अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान अक्सर काफी भीड़ जुटती है। उनका आरोप है कि ऐसी भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गहने अथवा अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पीड़िता ने नगर थाना पुलिस से मामले की जांच करते हुए मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच करने तथा चेन गायब करने वाली अज्ञात महिला की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद मंदिर में आने वाली महिलाओं के बीच भी सतर्कता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button