‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर छात्राओं ने रखे विचार, भाषण प्रतियोगिता में दिखा उत्साह
डॉक्टर के. के. मंडल महिला महाविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में करीब 30 छात्राओं ने लिया हिस्सा, समापन समारोह में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाली प्रतिभागियों को किया जाएगा सम्मानित

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के नया बाजार स्थित डॉक्टर के. के. मंडल महिला महाविद्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसटीपीएल थर्मल पावर प्लांट, चौसा, बक्सर के सौजन्य से किया गया। प्रतियोगिता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर अनिल कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जबकि मंच संचालन प्रोफेसर रामाधार सिंह ने किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं के बीच ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर छात्राओं ने अपने विचार रखते हुए व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में सत्यनिष्ठा के महत्व को रेखांकित किया। छात्राओं ने कहा कि किसी भी समाज और देश के विकास के लिए ईमानदारी, जवाबदेही और पारदर्शिता बेहद जरूरी है। युवाओं में नैतिक मूल्यों की मजबूत नींव रखकर ही भ्रष्टाचार मुक्त और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। आयोजित भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की करीब 30 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने निर्धारित विषय पर अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों में स्मृति सिन्हा, साक्षी कुमारी, साक्षी सिंह, नंदिनी वर्मा, रिया कुमारी, राजनंदनी, सिंटू कुमारी, रीना कुमारी, मधु पटेल, पुनीता यादव, काजल कुमारी, रिद्धि कुमारी, अंशु कुमारी, गोल्डी कुमारी, शबनम खातून, पिंकी कुमारी, सफिया खातून, श्रुति कुमारी, माया कुमारी, चंचल कुमारी, रुबी कुमारी, अपर्णा कुमारी, अनिशा कुमारी, प्रीति कुमारी सहित अन्य छात्राएं शामिल रहीं।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का चयन एसटीपीएल के अधिकारियों एवं महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया जाएगा तथा सतर्कता जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह के अवसर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इससे छात्राओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सत्यनिष्ठा और नैतिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्रोफेसर धीरेंद्र कुमार, प्रोफेसर परमहंस सिंह, प्रोफेसर इंद्रमणिलाल, प्रोफेसर मनोरमा कुमारी, प्रोफेसर अल्पना वर्मा, प्रोफेसर रवि शंकर सिंह, प्रोफेसर भुनेश्वर यादव, प्रोफेसर राधा कृष्ण कुमार, प्रशांत कुमार, रामनाथ सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
वीडियो देखें :




