OTHERS

गड्ढों और जलजमाव से बदहाल बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग, हर दिन हादसों का खतरा

इटाढ़ी गुमटी से पीसी कॉलेज पेट्रोल पंप तक सड़क की हालत सबसे खराब, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित; करीब दो लाख की आबादी के आवागमन का है प्रमुख रास्ता

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर से इटाढ़ी जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति के कारण राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और जलजमाव ने आवागमन को जोखिम भरा बना दिया है। स्थिति ऐसी है कि इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को हर कदम पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर प्रतिदिन स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

 

यह सड़क केवल बक्सर और इटाढ़ी प्रखंड को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग नहीं है, बल्कि बक्सर को रोहतास जिले के दिनारा से भी जोड़ती है। इसके माध्यम से करीब दो लाख की आबादी जिला मुख्यालय तक पहुंचती है। प्रतिदिन हजारों लोग इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं। इसके बावजूद सड़क की बदहाली दूर करने के लिए अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।

 

पीसी कॉलेज से लालगंज मोड़ तक सबसे खराब स्थिति

इस मार्ग पर इटाढ़ी रेलवे गुमटी पार करने के बाद पीसी कॉलेज के समीप से लेकर पेट्रोल पंप तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। बारिश और नालों का पानी सड़क पर जमा रहने के कारण गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में अनजान राहगीर अचानक गड्ढों में पहुंचकर अपना संतुलन खो बैठते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर बाइक सवारों और ऑटो रिक्शा के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

भारी वाहनों के परिचालन से बढ़ रही परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू लदे भारी वाहनों के लगातार परिचालन से जिले की कई सड़कों की स्थिति बदतर होती जा रही है। भारी वाहनों के दबाव के कारण सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं। वहीं, समय पर मरम्मत नहीं होने से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मरम्मत नहीं हुई तो हो सकता है बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से इस महत्वपूर्ण सड़क की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली महज आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button