RELIGION

गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा पुस्तकालय रोड, 18 सितंबर को भव्य भंडारे के साथ होगा समापन

नालबंद टोली में विधि-विधान से स्थापित हुई भगवान गणेश की प्रतिमा, सुबह-शाम आरती में उमड़ रहे श्रद्धालु

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर शहर के पुस्तकालय रोड स्थित नालबंद टोली में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना का शुभारंभ किया गया। गणपति बप्पा की स्थापना के बाद से ही पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। बुधवार को भी श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की।

 

पूजा आयोजन से जुड़े शिवजी खेमका ने बताया कि भगवान गणेश की पूजा-अर्चना आगामी 18 सितंबर तक अनवरत जारी रहेगी। स्थानीय विद्वान पंडित जी के द्वारा पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-पाठ कराया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह और शाम भगवान गणेश की भव्य आरती आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। आरती के दौरान भक्तों द्वारा गणेश वंदना एवं “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से पूरा नालबंद टोली और आसपास का क्षेत्र गूंज उठता है। आरती संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाता है। पूजा स्थल पर पहुंचने वाले भक्त भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

 

शिवजी खेमका ने बताया कि गणेश पूजन के अंतिम दिन 18 सितंबर को भव्य भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही गणपति पूजन का विधिवत समापन होगा। आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पूजा स्थल पर पहुंचकर भगवान गणेश का आशीर्वाद ले रहे हैं। गणेश उत्सव के चलते पुस्तकालय रोड नालबंद टोली का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर बना हुआ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button