बिजली विवाद ने लिया हिंसक रूप, नया भोजपुर में पथराव और फायरिंग से दहशत
ट्रांसफार्मर के ओवरलोड और स्वीच को लेकर बढ़ा विवाद, ईंट लगने से मो. जहीर दर्जी घायल; मौके से खोखा व जिंदा कारतूस बरामद, 10 नामजद पर प्राथमिकी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत नया भोजपुर थाना क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ा मामूली विवाद शनिवार की देर शाम अचानक हिंसक रूप ले लिया। वार्ड संख्या छह के दर्जी मोहल्ले और वार्ड संख्या सात की अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों के बीच शुरू हुए विवाद के दौरान जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान दहशत फैलाने के लिए फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पथराव की घटना में मो. जहीर दर्जी (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में ईंट लगने से माथा फट गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग भय के कारण अपने-अपने घरों में दुबक गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, स्थिति पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार सदल-बल करीब 10 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस की सक्रियता से स्थिति को तत्काल नियंत्रित किया गया। देर रात प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घटना को लेकर घायल मो. जहीर दर्जी के बयान पर नया भोजपुर थाना में 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपितों में सूर्या कुमार पासवान, जगनारायण पासवान, विशाल पासवान, रौशन पासवान, देवा पासवान, करण पासवान, मंकी पांडेय, विवेक पांडेय, विनोद पासवान और मनोज पासवान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एक ही ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति, ओवरलोड बना विवाद की बड़ी वजह
ग्रामीणों के अनुसार वार्ड छह स्थित दर्जी मोहल्ले और वार्ड सात की अनुसूचित जाति बस्ती में एक ही ट्रांसफार्मर से बिजली की आपूर्ति होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण अक्सर लोकल फॉल्ट और बिजली बाधित होने की समस्या बनी रहती है। ट्रांसफार्मर के पास लगे स्वीच को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी की स्थिति बताई जा रही है। शनिवार की रात करीब आठ बजे बिजली गुल होने के बाद विवाद ने अचानक तूल पकड़ लिया। आरोप है कि कुछ देर बाद दर्जनों युवक दर्जी मोहल्ले की तरफ पहुंचे और ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसी दौरान दरवाजे पर बैठे मो. जहीर दर्जी के सिर में ईंट लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग की सूचना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने शराब तस्करी को भी बताया विवाद की वजह
ग्रामीणों ने विवाद के पीछे शराब के अवैध कारोबार को भी एक अहम कारण बताया है। घायल जहीर द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इलाके में शराब तस्करी से जुड़े कुछ लोग जानबूझकर ट्रांसफार्मर का स्वीच बंद कर देते हैं, ताकि अंधेरे में अवैध गतिविधियों को संचालित किया जा सके। रविवार को प्रशासन के समक्ष ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया कि इलाके में लंबे समय से शराब के अवैध कारोबार के कारण महिलाओं और बच्चियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
डीएम के निर्देश पर पहुंचे एसडीएम, ग्रामीणों से की बैठक
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम शाहिला के निर्देश पर रविवार को डुमरांव एसडीएम राजीव कुमार नया भोजपुर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर पूरे मामले की जानकारी ली और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के ओवरलोड, सुनसान स्थानों, स्ट्रीट लाइट की कमी और शराब तस्करी जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली व्यवस्था में सुधार और संवेदनशील स्थानों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था होने से कई समस्याओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश, सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट का आश्वासन
ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद एसडीएम ने मौके पर मौजूद बिजली विभाग के सहायक अभियंता अर्जुन कुमार वर्मा और जेई जितेन्द्र कुमार को ट्रांसफार्मर का लोड बढ़ाने अथवा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने का आश्वासन भी दिया गया, ताकि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।
कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई
एसडीएम राजीव कुमार ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने नया भोजपुर थानाध्यक्ष को क्षेत्र में शराब तस्करी से जुड़े लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। बैठक में दोनों पक्षों के प्रबुद्धजनों ने घटना पर खेद जताया और प्रशासन को भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन की तत्परता और पुलिस बल की मौजूदगी के बाद फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। बैठक में सीओ ब्रजेश कुमार द्विवेदी, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, बिजली विभाग के अधिकारी, वार्ड पार्षद एवं प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा दोनों पक्षों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।





