OTHERS

‘दो बूंद जिंदगी की’ का संदेश लेकर आगे बढ़ा अभियान, 400 बच्चों को किया जागरूक

साबित खिदमत फाउंडेशन, अस्पताल एवं मानवाधिकार टीम के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों ने लिया पोलियो मुक्त समाज का संकल्प

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के कलेक्ट्रेट रोड स्थित गजाधरगंज के आचार्य नरेंद्र देव स्कूल में पोलियो उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा मानवाधिकार टीम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में करीब 400 बच्चों को जागरूकता टोपियां वितरित की गईं। इस दौरान बच्चों को पोलियो बीमारी, इसके दुष्परिणाम, बचाव के उपाय, पोलियो की दवा और टीकाकरण के महत्व की विस्तार से जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि पिछले वर्ष भी पोलियो उन्मूलन के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकालकर व्यापक अभियान चलाया गया था। उसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बच्चों और समाज के बीच पोलियो को लेकर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित समय पर पोलियो की खुराक दिलाना बेहद जरूरी है। स्वागत भाषण के दौरान डॉ. दिलशाद आलम एवं डॉ. मनीष ने कहा कि दुनिया से पोलियो समाप्त करने के अभियान में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और रोटरी इंटरनेशनल का योगदान ऐतिहासिक रहा है। लगातार प्रयासों और व्यापक टीकाकरण अभियान के कारण दुनिया के अधिकांश देशों से पोलियो का उन्मूलन हो चुका है। हालांकि पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे कुछ देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आते हैं। ऐसे में जागरूकता, निगरानी और टीकाकरण अभियान को लगातार जारी रखना जरूरी है।

 

उन्होंने कहा कि ‘दो बूंद जिंदगी की’ का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचाना समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में पोलियो वैक्सीन के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वैज्ञानिक डॉ. जोनास साल्क और डॉ. अल्बर्ट साबिन को भी याद किया गया। बच्चों को बताया गया कि डॉ. साल्क ने 1955 में इनएक्टिवेटेड पोलियो वैक्सीन तथा डॉ. साबिन ने 1960 के दशक में ओरल पोलियो वैक्सीन विकसित की थी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने तालियों के साथ अतिथियों का स्वागत किया और पोलियो मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। मौके पर अंजूत कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक रंजीत कुमार, एकता त्रिवेदी, अजय पाल उपाध्याय, दीपिका, रुखसाना बानो, दीपचंद, खुशबू कुमारी, पूजा कुमारी एवं रमेश चौधरी समेत विद्यालय के सभी शिक्षकगण मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button