CRIME

बक्सर-भरौली वीर कुंवर सिंह सेतु पर दर्दनाक घटना, पिता के पहुंचने से पहले युवक ने गंगा में लगाई छलांग

पिता से नाराज 22 वर्षीय युवक ने फोन कर कहा—“गंगा में कूदने जा रहा हूं”, बेटे को बचाने दौड़े पिता, लेकिन पुल पर पहुंचते ही बाइक का खत्म हो गया तेल

न्यूज विज़न। बक्सर/भरौली
बक्सर को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु से शनिवार को एक युवक द्वारा गंगा नदी में छलांग लगाने की घटना से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बक्सर गोलंबर पोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। युवक के गंगा में छलांग लगाने के बाद पुल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरही थाना क्षेत्र के टुटवारी गांव निवासी श्याम नारायण पासवान के 22 वर्षीय पुत्र श्रीकांत पासवान अपने पिता से किसी बात को लेकर नाराज था। बताया जा रहा है कि श्याम नारायण पासवान भरौली में खाद-बीज की दुकान पर काम करते हैं। इसी दौरान श्रीकांत ने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह गंगा नदी में कूदने जा रहा है।

बेटे की बात सुनकर बाइक से पुल की ओर भागे पिता
बेटे के फोन पर ऐसी बात सुनते ही पिता श्याम नारायण पासवान घबरा गए और बिना देर किए बाइक से वीर कुंवर सिंह सेतु की ओर निकल पड़े। उनका उद्देश्य बेटे को किसी तरह समझाकर रोकना और उसे सुरक्षित घर ले जाना था।
बताया गया कि श्याम नारायण पासवान जब पुल पर पहुंचे तो उनका बेटा उनसे करीब 100 मीटर की दूरी पर था। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक का तेल खत्म हो गया। पिता बाइक छोड़कर बेटे की ओर बढ़े ही थे कि श्रीकांत ने उन्हें अपनी तरफ आते देख लिया।

पिता को अपनी ओर आते देख गंगा में लगा दी छलांग
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पिता को अपनी ओर आता देख श्रीकांत ने कथित तौर पर गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना बक्सर गोलंबर पोस्ट पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लग गई।

पुलिस जांच में जुटी, युवक की तलाश की जा रही
गोलंबर पोस्ट प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि गंगा नदी में युवक के कूदने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी गई। युवक की तलाश को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस पूरे मामले में परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button