POLITICS

राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बगावत के संकेत! दर्जनों नेता-कार्यकर्ता देंगे सामूहिक इस्तीफा

13 अगस्त को सिटी पैलेस में जुटेंगे नेता-कार्यकर्ता, ‘कार्यकर्ताओं के सम्मान’ के मुद्दे पर प्रदेश नेतृत्व को भेजा जाएगा सामूहिक इस्तीफा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
राष्ट्रीय लोक मोर्चा में इन दिनों संगठनात्मक स्तर पर असंतोष के स्वर सामने आने लगे हैं। पार्टी के दर्जनों नेता एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। इसे लेकर गुरुवार, 13 अगस्त को शहर के ज्योति प्रकाश चौक स्थित सिटी पैलेस में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रीय लोक मोर्चा से जुड़े नेता एवं कार्यकर्ता सिटी पैलेस पहुंचेंगे। यहां सामूहिक रूप से इस्तीफा देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद सभी इस्तीफों को प्रदेश नेतृत्व के पास भेजे जाने की बात कही गई है।

 

‘कार्यकर्ताओं के सम्मान’ को बनाया मुद्दा

सामूहिक इस्तीफे के इस कार्यक्रम को “हल्ला बोल, पार्टी कार्यकर्ता के सम्मान में” स्लोगन के साथ आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं की नाराजगी और संगठन में उनके सम्मान से जुड़े सवालों को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने की तैयारी है। आयोजकों का कहना है कि पार्टी को मजबूत बनाने में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर नेता एवं कार्यकर्ता सामूहिक इस्तीफे के जरिए अपनी बात प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखने जा रहे हैं।

सामूहिक इस्तीफे से बढ़ी राजनीतिक हलचल

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के एक साथ इस्तीफा देने के निर्णय से जिले की राजनीतिक गतिविधियों में हलचल बढ़ गई है। कार्यक्रम में कितने नेता और कार्यकर्ता औपचारिक रूप से इस्तीफा देते हैं, इस पर राजनीतिक एवं संगठनात्मक नजरें टिकी हुई हैं। गुरुवार को होने वाले इस कार्यक्रम के बाद पार्टी के प्रदेश नेतृत्व की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है और संगठन के स्तर पर इस घटनाक्रम को लेकर क्या कदम उठाया जाता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे का यह कदम राष्ट्रीय लोक मोर्चा के लिए बक्सर जिले में संगठनात्मक रूप से एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button