बक्सर में बार-बार बिजली कटौती पर एसडीओ सख्त, विद्युत विभाग से मांगा जवाब; 10–20 वर्षों की जरूरतों के अनुरूप नेटवर्क विकसित करने का निर्देश
अनुमंडल कार्यालय में समीक्षा बैठक, उपभोक्ताओं को शटडाउन की पूर्व सूचना देने, तकनीकी खामियां दूर करने और लाइनमैनों को प्रोत्साहन देने पर जोर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
लगातार हो रही बिजली कटौती और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय, बक्सर में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अविनाश कुमार की अध्यक्षता में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय, नगर एवं ग्रामीण विद्युत विभाग के सहायक कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसडीओ अविनाश कुमार ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति को लेकर विद्युत विभाग के अभियंताओं से जवाब-तलब किया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कई घंटों तक बिजली कटौती होने से शहर और ग्रामीण इलाकों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा इस संबंध में उन्हें लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। विद्युत विभाग के अभियंताओं ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में इंडक्शन चूल्हों, एयर कंडीशनरों, कूलरों और पंखों के बढ़ते उपयोग के कारण विद्युत खपत में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। अत्यधिक लोड पड़ने से कई स्थानों पर बिजली के तार गर्म होकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जिससे आपूर्ति बाधित हो रही है।
इस पर एसडीओ ने विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि बिजली आपूर्ति में आने वाली तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में विद्युत नेटवर्क का विस्तार करते समय केवल वर्तमान आवश्यकता नहीं, बल्कि अगले 10 से 20 वर्षों में बढ़ने वाली आबादी और बिजली की संभावित मांग को ध्यान में रखते हुए तारों की मोटाई तथा उनकी विद्युत वहन क्षमता निर्धारित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो। बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों ने यह भी बताया कि कई बार विद्युत लाइनों के रखरखाव एवं मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन लेना आवश्यक हो जाता है। इस पर एसडीओ ने निर्देश दिया कि रूटीन मेंटेनेंस की पहले से योजना बनाई जाए तथा शटडाउन का समय निर्धारित कर उपभोक्ताओं को मोबाइल संदेश सहित अन्य माध्यमों से पूर्व सूचना दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि लोगों को पहले से जानकारी होगी तो वे अपने आवश्यक कार्यों की योजना बना सकेंगे और विभाग को भी रखरखाव कार्य के दौरान जनसहयोग प्राप्त होगा।
एसडीओ अविनाश कुमार ने बैठक में बिजली आपूर्ति बहाल रखने के लिए दिन-रात कार्य करने वाले लाइनमैनों एवं अन्य फील्ड कर्मियों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि कठिन परिस्थितियों में लगातार कार्य करने वाले इन कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग स्तर पर विशेष इंसेंटिव की व्यवस्था की जानी चाहिए। बैठक के अंत में एसडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक विश्वसनीय, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम शीघ्र उठाए जाएं, ताकि बक्सर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।





