CM के पीए हत्याकांड में बक्सर का मोस्ट वांटेड अटल सिंह पर CBI का शिकंजा, 50 हजार का इनाम घोषित
पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में फरार आरोपी कृष्ण कुमार सिंह उर्फ अटल सिंह की तलाश तेज, बक्सर में घर पर पहुंची सीबीआई टीम; सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय


न्यूज़ विज़न। बक्सर
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बक्सर के मोस्ट वांटेड अपराधी कृष्ण कुमार सिंह उर्फ अटल सिंह पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। सीबीआई ने आरोपी की तस्वीर और इनाम संबंधी पोस्टर बक्सर नगर के वीर कुंवर सिंह चौक समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कर आम लोगों से गिरफ्तारी में सहयोग की अपील की है। एजेंसी ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, कृष्ण कुमार सिंह उर्फ अटल सिंह बक्सर नगर के वार्ड संख्या-21 स्थित चीनी मिल मोहल्ला निवासी मनोरंजन सिंह का पुत्र है। सीबीआई के अनुसार वह पश्चिम बंगाल में दर्ज मुख्यमंत्री के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में वांछित है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में सीबीआई की टीम बक्सर स्थित आरोपी के आवास पर भी पहुंची। घर के सामने फास्ट फूड की दुकान संचालित करने वाले दिनेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि सादे लिबास और वर्दी में पहुंचे अधिकारियों ने घर के भीतर जाकर पूछताछ की तथा कुछ देर बाद वापस लौट गए। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर बक्सर पुलिस के अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बचते नजर आए।
सूत्रों के अनुसार, इस चर्चित हत्याकांड में पश्चिम बंगाल एसटीएफ पहले ही बक्सर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर कृष्ण कुमार सिंह उर्फ अटल सिंह का नाम सामने आया। इसके बाद मामले की जांच कर रही सीबीआई ने उसे वांछित घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। बताया जाता है कि अटल सिंह का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। बक्सर जिले में उसके खिलाफ हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में बक्सर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा चुका है, लेकिन वर्तमान में फरार चल रहा है।
सीबीआई ने अपने नोटिस में आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को कृष्ण कुमार सिंह उर्फ अटल सिंह के ठिकाने के संबंध में कोई ठोस जानकारी मिले तो वह सीबीआई के पुलिस अधीक्षक, स्पेशल क्राइम ब्रांच-1, कोलकाता कैंप कार्यालय अथवा स्थानीय पुलिस को सूचना दे सकता है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा गिरफ्तारी में सहायक ठोस सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम प्रदान किया जाएगा।
वीडियो देखें :





