आरपीएफ-जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर अवैध शराब के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार
20802 डाउन ट्रेन की जांच के दौरान मिली सफलता, 25,380 रुपये मूल्य की शराब बरामद; दोनों आरोपितों को न्यायालय भेजा गया


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से कुल 30 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 25,380 रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम को विश्वसनीय स्रोतों से सूचना मिली थी कि एक ट्रेन के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर सुबह करीब 11 बजे बक्सर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 20802 डाउन के पहुंचने के बाद सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान दो महिलाओं के बैग की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 30 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग 25,380 रुपये आंकी गई है। इसके बाद दोनों महिलाओं को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार महिला तस्करों की पहचान इंदु देवी (32 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय शैलेश रविदास, निवासी- गोनपुरा, थाना फुलवारी शरीफ, जिला पटना एवं सविता देवी (35 वर्ष), पत्नी बबलू पासवान, निवासी- चिकसी, थाना सिगोरी, जिला पटना के रूप में हुयी है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपितों के विरुद्ध जीआरपी बक्सर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया। रेलवे स्टेशन पर लगातार चलाए जा रहे संयुक्त जांच अभियान से अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में सुरक्षा एजेंसियों को लगातार सफलता मिल रही है। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।




