मुरार पुलिस ने देशी पिस्टल और बाइक के साथ एक युवक को किया गिरफ्तार, दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
रात्रि गश्ती के दौरान मनपा पुल के पास पुलिस को देखकर भाग रहे थे दोनों युवक, बाइक फिसलने के बाद छोड़ गए हथियार; गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत मुरार थाना पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक देशी पिस्टल और बाइक के साथ एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं उसका दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात मुरार थाना पुलिस नियमित रात्रि गश्ती पर निकली थी। रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस टीम जैसे ही मनपा पुल के समीप पहुंची, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस वाहन को देखकर घबरा गए और तेजी से बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। भागने की जल्दबाजी में बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद दोनों युवक खेतों के रास्ते अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम जब वापस बाइक के पास पहुंची तो वहां एक कंट्री मेड (देशी) पिस्टल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने बाइक और हथियार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने भोजपुर जिले के तियर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी रविन्द्र कुमार यादव, पिता बबन यादव, को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके फरार साथी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक हथियार लेकर किस उद्देश्य से निकले थे और उनका किसी आपराधिक घटना से संबंध है या नहीं। पुलिस गिरफ्तार युवक के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। मामले में विस्तृत जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





