गंगा स्नान के दौरान बड़े भाई की डूबने से दर्दनाक मौत, छोटे को परिजनों ने बचाया
बक्सर के लाढ़ोपुर नारा स्थित साधु घाट पर हादसा, छोटे भाई को बचाया गया, हिमांशु ने तोड़ा दम; गांव में शोक की लहर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लाढ़ोपुर नारा स्थित साधु घाट पर सोमवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करने के दौरान गंगा नदी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जोकही गांव निवासी दिनेश राय अपने परिवार के साथ सोमवार सुबह गंगा स्नान के लिए साधु घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान उनके दोनों पुत्र गंगा नदी में उतर गए और अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे। परिजनों ने दोनों बच्चों को डूबता देखा तो तुरंत नदी में कूदकर उन्हें बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद छोटे बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बड़ा पुत्र हिमांशु पानी के अंदर ही रह गया। स्थानीय लोगों की सहायता से कुछ देर बाद हिमांशु को भी नदी से बाहर निकाला गया।
परिजन गंभीर हालत में उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस हृदयविदारक घटना से जोकही गांव समेत आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।




