मथुरा में बक्सर के ट्रेलर चालक वशिष्ठ यादव की निर्मम हत्या, शव नाले से बरामद, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
महाराष्ट्र से दिल्ली माल लेकर जा रहे थे चालक, लूटपाट के बाद हत्या की आशंका; दो बेटे और दो बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए, दोषियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की उठी मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के डुमराँव नगर परिषद क्षेत्र के नवाडेरा गांव निवासी 40 वर्षीय वशिष्ठ यादव की उत्तर प्रदेश के मथुरा में निर्मम हत्या कर शव नाले में फेंक दिए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वशिष्ठ यादव महाराष्ट्र की एक बड़ी ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रेलर चालक के रूप में कार्यरत थे। वह महाराष्ट्र से माल लोड कर दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मथुरा क्षेत्र में कथित तौर पर सड़क लुटेरों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम देते हुए उनकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव को नाले में फेंक दिया। शुक्रवार को पुलिस ने उनका शव बरामद किया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के मित्र गोविंद यादव उर्फ खोखी यादव, राजेंद्र यादव, कमलेश यादव, विवेक यादव समेत अन्य लोग मथुरा के लिए रवाना हो गए। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार वशिष्ठ यादव अपने पीछे दो पुत्र, दो पुत्रियों सहित शोकाकुल परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
यह घटना न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रक और ट्रेलर चालकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगातार बढ़ रही लूट और अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है। जनशक्ति जनता दल के बक्सर जिला अध्यक्ष दिनेश यादव ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें कठोर से कठोर सजा दी जाए। साथ ही मृतक के आश्रित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा, सरकारी सहायता और बच्चों के भविष्य के लिए विशेष आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे नवाडेरा गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक-संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।





