ACCIDENT

NH-922 पर खड़ी डंपर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 18 वर्षीय युवक की मौत, दो घायल

कुआंवन गांव के समीप हुआ हादसा, एक युवक की हालत गंभीर; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-922) पर गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कुआंवन गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी एक डंपर से तेज रफ्तार बाइक की टक्कर के कारण हुआ। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी सागर कुमार राम (18 वर्ष), पिता बीरेंद्र राम, के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल युवकों की पहचान हुलास टोला निवासी अमर कुमार यादव, पिता चुन्नीलाल यादव, तथा बनाही निवासी मोहित कुमार के रूप में की गई है।

 

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गुरुवार की शाम आरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुआंवन गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी डंपर से उनकी बाइक जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सागर कुमार राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अमर और मोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद अमर कुमार यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं मोहित कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे भारी वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग पर चिंता जताते हुए प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button