चोरों का तांडव : रिटायर्ड दरोगा और पूर्व सैनिक के घर लाखों की चोरी, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
हवाई अड्डा रोड के मलहचकिया मोहल्ला में एक ही रात दो घर बने निशाना, नकदी सहित 10 से 12 लाख के जेवरात गायब, एफएसएल टीम ने शुरू की जांच


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा रोड स्थित मलहचकिया मोहल्ला के वार्ड संख्या-2 में बीती रात चोरों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो अलग-अलग घरों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक रिटायर्ड दरोगा और एक पूर्व सैनिक के घर को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और लोगों में भारी नाराजगी का माहौल है।
रिटायर्ड दरोगा के घर पीछे की खिड़की उखाड़कर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में डुमरांव थाना से सेवानिवृत्त हुए सहायक अवर निरीक्षक राधेश्याम प्रसाद के घर में चोर पीछे की लोहे की खिड़की उखाड़कर दाखिल हुए। चोरों ने ड्रेसिंग टेबल के दराज में रखे 15 हजार रुपये नकद और लगभग 35 हजार रुपये मूल्य की एक जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर ली। राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य मुख्य गेट बंद कर छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में प्रवेश कर गए। रात करीब डेढ़ बजे जब वह नीचे आए तो आहट मिलने पर चोर मौके से भाग निकले। उन्होंने बताया कि अगर समय रहते उनकी नींद नहीं खुलती तो चोर घर का और भी अधिक सामान लेकर फरार हो सकते थे। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2007 में भी उनके घर में चोरी की घटना हो चुकी है। हाल ही में बेटी की शादी होने के कारण अधिकांश कीमती जेवरात उसे उपहार स्वरूप दे दिए गए थे, जिससे इस बार बड़ा नुकसान टल गया।
पूर्व सैनिक के बंद घर से 10 से 12 लाख के जेवरात चोरी
इसी मोहल्ले में दूसरी बड़ी चोरी पूर्व सैनिक रमैया चौधरी के घर हुई। उनके पुत्र जितेंद्र चौधरी ने बताया कि उनके पिता पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं और पिछले तीन दिनों से आईसीयू में इलाजरत हैं। परिवार के सभी सदस्य उनकी देखभाल के लिए पटना में थे, जिससे घर पूरी तरह बंद था। चोरों ने इस मौके का फायदा उठाते हुए खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और कमरे में रखी लोहे की अलमारी को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरातों की कीमत लगभग 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है। घर का टूटा ताला और क्षतिग्रस्त दरवाजा देखकर पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना परिवार को दी। सूचना मिलने के बाद जितेंद्र चौधरी पटना से बक्सर पहुंचे और मुफस्सिल थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की गुमटी पोस्ट के प्रभारी गुड्डू चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल, लोगों में नाराजगी
लगातार हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर पुलिस द्वारा नियमित रात्रि गश्ती की तस्वीरें और वीडियो साझा किए जाते हैं, लेकिन वास्तविकता में रात के समय गलियों और मोहल्लों में पुलिस की मौजूदगी बहुत कम दिखाई देती है। लोगों ने क्षेत्र में नियमित और प्रभावी गश्ती बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है और चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।





