POLITICS

जन सुराज की कोर कमिटी बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन

बिहारियों के मान-सम्मान और युवाओं के पलायन रोकने के लिए आंदोलन जारी रहेगा : बजरंगी मिश्रा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बुधवार को जन सुराज पार्टी के बक्सर जिला कार्यालय में महत्वपूर्ण कोर कमिटी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री रघुबर सिंह ने किया। बैठक में संगठन को पंचायत और प्रखंड स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

 

बैठक के दौरान उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, विस्तार और जनसरोकारों से जुड़ाव को लेकर अपने विचार रखे। सभी ने एकमत होकर कहा कि पार्टी को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ना बेहद जरूरी है। साथ ही पिछली संगठनात्मक कमियों और अनुभवों की समीक्षा करते हुए भविष्य की रणनीति पर गंभीर चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहारियों के मान-सम्मान और आत्मसम्मान की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि बिहार से युवाओं का पलायन आज सबसे बड़ी समस्या बन चुका है और जब तक राज्य के युवाओं को अपने ही प्रदेश में सम्मानजनक रोजगार और बेहतर भविष्य नहीं मिलेगा, तब तक जन सुराज का आंदोलन पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।

 

उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक विस्तार नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की आवाज को मजबूती देना और बिहार को विकास एवं सम्मान की नई दिशा देना है। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। बैठक में पूर्व विधायक एवं राज्य सलाहकार समिति सदस्य श्रीकांत पाठक, कोषाध्यक्ष विजय कुमार पाठक, जिला मुख्य प्रवक्ता शुंभ नाथ यादव, जिला मुख्य महिला प्रवक्ता रीना शर्मा, युवा अध्यक्ष अजित सम्राट, लोकसभा प्रभारी दिवाकर पाठक, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष जयशंकर सिंह, बुद्धिजीवी विचार मंच के अध्यक्ष डॉ. विष्णु देव तिवारी तथा राज्य सलाहकार समिति सदस्य हसन खान सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में नेताओं ने एक स्वर में कहा— “बिहारी झुकेगा नहीं, अपने अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष करेगा।”

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button