रघुनाथपुर टिकट काउंटर पर RPF का छापा, ओपन टिकट के साथ दलाल गिरफ्तार
विजिलेंस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में 2660 रुपये मूल्य के टिकट जब्त, टिकट दलालों पर आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री पर लगाम लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में सोमवार 11 मई को गुप्त सूचना के आधार पर RPF बक्सर एवं विजिलेंस टीम ने संयुक्त रूप से रघुनाथपुर रेलवे टिकट काउंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक कथित टिकट दलाल को मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शकील अंसारी (33 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रघुनाथपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। उसके पिता का नाम मो. बसीर अंसारी है। छापेमारी के दौरान उसके पास से ओपनिंग रेलवे टिकट बरामद किए गए, जिन्हें RPF टीम ने मौके पर ही जब्त कर लिया। जब्त टिकटों की कुल कीमत 2660 रुपये बताई जा रही है। RPF अधिकारियों के अनुसार टिकटों की अवैध दलाली एवं अनधिकृत बुकिंग की शिकायत लगातार मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर विजिलेंस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद टिकट काउंटर क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
RPF बक्सर ने स्पष्ट किया है कि रेलवे टिकटों की कालाबाजारी और दलाली के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुविधा एवं पारदर्शी टिकट व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।





