नहर के पईन में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में दहशत
मठिला गांव के बधार में बुधवार सुबह मिली लाश, 24 घंटे पुराना होने की आशंका; एफएसएल टीम जांच में जुटी, पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के थानों को भेजी सूचना


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के कोरानसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिला गांव के बधार में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने नहर के पईन में एक अज्ञात युवक का शव देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोरानसराय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव पर लाल रंग का टी-शर्ट और काले रंग का लोवर पैंट पाया गया है, जिससे पहचान में फिलहाल कोई सफलता नहीं मिल पाई है। पुलिस के अनुसार, शव करीब एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जो मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। आसपास के क्षेत्र में छानबीन कर हर पहलू से जांच की जा रही है कि यह हत्या का मामला है या किसी अन्य परिस्थिति में युवक की मौत हुई है।
कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव की पहचान के लिए आसपास के सभी थाना क्षेत्रों में सूचना भेज दी गई है। साथ ही गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का पता चल सके। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।





