CRIME

ठेकेदारी वर्चस्व को लेकर बनारपुर में दिनदहाड़े गोलीबारी

मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 4–5 गाड़ियों से पहुंचे बदमाशों ने की फायरिंग, गांव में दहशत; पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ छापेमारी

बक्सर | न्यूज़ विजन
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बनारपुर गांव मंगलवार की दोपहर उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा, जब ठेकेदारी वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई और लोग भय के कारण अपने-अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को करीब 12 बजे 4 से 5 गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने बनारपुर गांव में पहुंचते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए पूरा इलाका दहशत के साए में आ गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक इस घटना के पीछे ठेकेदारी को लेकर चल रहा वर्चस्व का विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार जलहरा गांव का एक युवक, जो पहले बनारपुर निवासी मनोरंजन पांडेय के साथ थर्मल पावर प्लांट में ठेकेदारी कार्य से जुड़ा था, अब खुद इस क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करना चाहता है। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी।

 

बताया जाता है कि राजद नेता अर्जुन यादव हत्याकांड में आरोपी रहने के कारण मनोरंजन पांडेय के जेल जाने के बाद ठेकेदारी को लेकर विवाद और गहरा गया। हाल ही में मनोरंजन पांडेय के जमानत पर रिहा होने के बाद दोनों गुटों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था, जिसका नतीजा मंगलवार को फायरिंग की घटना के रूप में सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए पूरे इलाके में सघन जांच शुरू कर दी। पुलिस की मौजूदगी के बाद गांव में धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई, लेकिन लोगों में अब भी भय का माहौल बना हुआ है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि फायरिंग की घटना की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इस घटना के बाद बनारपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल कायम है, वहीं पुलिस की सक्रियता से लोगों को जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button