बक्सर स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में आरपीएफ को मिली सफलता
प्लेटफार्म पर निगरानी के दौरान संदिग्ध पकड़ा गया, चोरी का स्मार्टफोन बरामद; आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंपा गया


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बक्सर की टीम ने ऑपरेशन “यात्री सुरक्षा” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार की रात करीब 8:40 बजे स्टेशन परिसर में की गई। आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के निर्देशन में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, आरक्षी दीपक कुमार और आरक्षी कन्हैयालाल चौधरी द्वारा स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों की सघन निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई।
पूछताछ में उसने अपना नाम शिवम कुमार ओझा, निवासी शाहपुर, जिला भोजपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उक्त मोबाइल उसने बक्सर स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन में खिड़की के पास सो रहे यात्री से चोरी किया था।
आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को बरामद मोबाइल के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई से स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। अधिकारियों ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।





