CRIME

बक्सर पुलिस को दोहरी सफलता, 9 साल पुराने हत्याकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, मोस्ट वांटेड राजा दुबे STF के हत्थे चढ़ा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
बक्सर पुलिस को शुक्रवार को एक के बाद एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने जहां वर्ष 2016 के चर्चित हरेंद्र सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरी ओर लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बने मोस्ट वांटेड अपराधी राजा दुबे उर्फ रावण को भी STF ने धर दबोचा है।

 

शनिवार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान इन दोनों बड़ी कार्रवाइयों की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 23 अगस्त 2016 को नया बस स्टैंड के समीप हरेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के देवकुली निवासी विकास वर्मा घटना के बाद से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे वीर कुंवर सिंह कॉलोनी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में शामिल चार अन्य अभियुक्तों को न्यायालय पहले ही आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है। एसपी ने बताया कि विकास वर्मा की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द से जल्द सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

 

वहीं दूसरी बड़ी सफलता में राजधानी पटना के सगुना मोड़ इलाके से एसटीएफ ने मोस्ट वांटेड अपराधी राजा दुबे उर्फ रावण को शुक्रवार की शाम गिरफ्तार किया। राजा दुबे जमीन कारोबारी हृदय यादव और पावर प्लांट के ठीकेदार अर्जुन यादव की हत्या के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने उसे बक्सर पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी शुभम आर्य ने बताया कि राजा दुबे बक्सर जिले में हुई दो हत्याओं में मुख्य आरोपी है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के वाराणसी (बनारस) में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। चौसा में राजद नेता अर्जुन यादव की हत्या और बक्सर में प्रॉपर्टी डीलर हृदय यादव हत्याकांड के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।

 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सिकटौना गांव निवासी राजा दुबे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए बक्सर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीमें लंबे समय से सक्रिय थीं। सटीक इनपुट मिलने के बाद एसटीएफ ने पटना में कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बक्सर पुलिस की इस दोहरी सफलता को जिले में कानून व्यवस्था की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button