फाउंडेशन स्कूल के छात्र रिशु ने बिहार के लिए जीता स्वर्ण पदक
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 100 मीटर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक


न्यूज विजन। बक्सर
फाउंडेशन स्कूल के लिए गौरव का क्षण है कि विद्यालय के कक्षा नवमी के छात्र रिशु कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 100 मीटर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बिहार राज्य, अपने जिले, माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित की गई थी, जहां रिशु कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
रिशु कुमार का चयन पूर्व में राष्ट्रीय स्तर पर 100 मीटर एथलीट के रूप में हुआ था। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं खेल शिक्षकों ने बताया कि रिशु इस वर्ष आयोजित विद्यालय के खेलकूद समारोह में भी ‘स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर’ का सम्मान प्राप्त कर चुका है। प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम है, जिसमें शिक्षकों का मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत एवं अभिभावकों का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
गर्व की बात यह भी है कि इस शैक्षणिक वर्ष में फाउंडेशन स्कूल से यह पांचवां विद्यार्थी है जिसने बिहार की विभिन्न खेल टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन स्कूल अपनी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेलकूद गतिविधियों एवं एनसीसी के माध्यम से निरंतर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है।





