POLITICS

बिहार में बढ़ते अपराध के खिलाफ युवा कांग्रेस का राज्यव्यापी आंदोलन, डीएम कार्यालय का घेराव करते हुए नेताओं की हुयी गिरफ्तारी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 

बिहार में लूट, हत्या, बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों की बढ़ती घटनाओं से आक्रोशित होकर बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर राज्यभर में आंदोलन की शुरुआत की गई। इसी क्रम में बक्सर जिला में भी युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए डीएम कार्यालय का घेराव किया।

 

यह विशाल आक्रोश मार्च कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारी युवा कार्यकर्ता एवं कांग्रेस पदाधिकारी किला मैदान से जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन अंबेडकर चौक पर जिला प्रशासन एवं पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और सरकार पर कानून व्यवस्था विफल होने का आरोप लगाया। हालात तनावपूर्ण होते देख, मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात अंचल अधिकारी प्रशांत शांडिल्य के निर्देश पर नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार द्वारा कुछ कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, थोड़ी देर बाद सभी को छोड़ दिया गया।

 

इस आक्रोश मार्च में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय, जिला युवा कांग्रेस प्रभारी राम सिंह चौधरी, सत्येंद्र ओझा, आशुतोष त्रिपाठी, युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण उपाध्याय, आलोक पासवान समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। युवा कांग्रेस ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि अपराध नियंत्रण में विफलता जारी रही, तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button