OTHERS

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर उपेक्षा से आहत बक्सर वॉरियर, बोले– “जरूरतमंदों के लिए देशभर में देते हैं खून, अपने शहर में ही हुए उपेक्षित”

इमरजेंसी सेवा और ब्लड डोनेशन के लिए 9953331799 पर करें संपर्क, बक्सर वॉरियर ने प्रशासन पर उठाए सवाल

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर वॉरियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजन राय एवं सदस्य प्रिंस राय ने शनिवार को सोमेश्वर स्थान स्थित कार्यालय में प्रेसवार्ता कर जिला प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ब्लड डोनेशन कार्यक्रम में बक्सर वॉरियर की टीम को आमंत्रित नहीं किया गया, जिससे टीम के सदस्यों का मनोबल काफी गिरा है।

 

रंजन राय ने कहा कि बक्सर वॉरियर की टीम वर्षों से मानव सेवा के कार्य में लगी हुई है। टीम के सदस्य सिर्फ बक्सर ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न शहरों जैसे कोलकाता, दिल्ली, चेन्नई और वेल्लोर तक पहुंचकर जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में 12 जरूरतमंद लोगों को अपने खर्च पर विमान से वेल्लोर भेजकर रक्तदान कराया गया, लेकिन इसके बावजूद अपने ही जिले में उन्हें सम्मान नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में उन्होंने सीआरपीएफ की नौकरी छोड़कर समाज सेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया। आज पूरी टीम तन, मन और धन से लोगों की सेवा में लगी हुई है। बावजूद इसके प्रशासनिक कार्यक्रमों में समाजसेवा करने वालों की जगह “सिर्फ गुलदस्ता गैंग” को प्राथमिकता दी जाती है, जो बेहद दुखद है।

 

वहीं प्रिंस राय ने बताया कि बक्सर वॉरियर की इमरजेंसी सेवा शाहाबाद के अलावा बलिया और गाजीपुर तक सक्रिय है। संस्था द्वारा विशेष रूप से एक हैलेक्स वाहन सेवा कार्यों के लिए खरीदा गया है, जिसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सड़क दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में एक साथ चार से पांच घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीम लगातार ब्लड डोनेशन अभियान चला रही है और जरूरत पड़ने पर देश के किसी भी हिस्से में पहुंचकर रक्तदान करती है। प्रेसवार्ता के दौरान टीम ने कहा कि विश्व रेडक्रॉस दिवस जैसे कार्यक्रमों में ऐसे लोगों को शामिल किया जाना चाहिए जो वास्तव में जमीन पर मानव सेवा का कार्य कर रहे हैं। प्रशासन की उपेक्षा से कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है, लेकिन बक्सर वॉरियर आगे भी सेवा कार्य जारी रखेगा।

**बक्सर वॉरियर से जुड़ने या इमरजेंसी सहायता के लिए 9953331799 संपर्क करें**

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button